आंबेडकर पार्क स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा।
- फोटो : SIKANDRABAD
अब महापुरुषों के योगदान के बारे में बताएंगे एनसीसी कैडेट्स
सिकंदराबाद। देश के युवाओं को बेहतर भविष्य देने वाले संगठन एनसीसी की 40वीं बटालियन के कमांड अधिकारी ने युवाओं में देशभक्ति का जज्बा भरने के लिए एक नई पहल की है। अब 40यूपी बीएन एनसीसी के कैडेट्स लोगों को देश के महापुरुषों के योगदान के बारे में भी बताएंगे। बटालियन ने महापुरुषों की प्रतिमा को गोद लेने का निर्णय लिया है। प्रतिमा और उसके परिसर की साफ-सफाई कैडेट्स करेंगे।
40यूपी एनसीसी बटालियन के कर्नल राजीव वर्मा ने बताया कि जनपद में एनसीसी 40यूपी बटालियन का एक कार्यालय सिकंदराबाद और दूसरा बुलंदशहर में है। एक यूनिट एक प्रतिमा कार्यक्रम के अंतर्गत बटालियन ने महापुरुषों की प्रतिमा को गोद लेने का निर्णय लिया है। इसके तहत सिकंदराबाद स्थित कार्यालय के सबसे नजदीक कोतवाली के पास स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा को गोद लिया गया है। गोद ली गई प्रतिमा और उसके परिसर की साफ सफाई एनसीसी कैडेट्स समय-समय पर करेंगे। साथ ही कार्यक्रम के तहत प्रतिमा स्थल पर समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कैडैट्स लोगों को स्थापित महापुरुष के बारे में और उनके द्वारा देश के लिए किए गए योगदान के बारे में लोगों को बताएंगे। जिससे लोगों में देश के महापुरुषों के प्रति सम्मान जागृत हो और वह उनके पद चिन्हों पर चलने के लिए प्रेरित हों। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स के अलावा नगरवासियों और विभिन्न स्कूल, कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही भारतीय संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल स्वरूप के बारे में भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों, छात्र-छात्राओं को विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम से होगा छात्रों का ज्ञानवर्धन
कर्नल राजीव वर्मा ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम से जहां स्थानीय लोगों को देश के महापुरुषों के जीवन और उनके संघर्षों व देश के लिए योगदान के बारे में जानकारी मिलेगी। वहीं, छात्र-छात्राओं का ज्ञानवर्धन भी होगा। छात्र-छात्राएं महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेंगे जो उनके लिए सफलता के द्वार खोलेगा।