कालरात्रि का रुप दिखाके, दुख हर लीन्हि सब दुनिया के....
बुलंदशहर। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शुक्रवार को भक्तों ने मां कालरात्रि और मां महागौरी का पूजन कर मन्नत मांगी। वहीं, शनिवार को मां की आठवीं शक्ति महागौरी और मां सिद्धिदात्रि की पूजा की जाएगी। साथ ही आठवें नवरात्र पर कंजकों का पूजन कर मां के भक्त व्रत खोलेंगे।
शारदीय नवरात्र के चलते जिले के देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइन लग रहीं है। मां के भक्तों को पूजा-अर्चना करने के लिए कोरोना काल के दौरान इंतजार भी करना पड़ रहा है। साथ ही मां के जयकारों ने पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा है। पंडित करूणानिधि भारद्वाज ने बताया कि इस बार एक नवरात्र घटा है। जिसकी वजह से सातवें दिन आठवें नवरात्र पर व्रत रखने वालों ने भी व्रत रखा। बताया कि सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। मां कालरात्रि सदैव अपने भक्तों पर कृपा करती हैं और शुभ फल प्रदान करती है। आठवीं शक्ति महागौरी की पूजा करने से भक्तों को जीवन की सही राह का ज्ञान होता है। बताया कि शनिवार को सुबह सात बजे तक अष्टमी और सात बजे के बाद नवमीं शुरू हो जाएगी। जो रविवार सुबह 7.42 तक रहेगी। इसके बाद दशहरा की पूजा कर सकते है। बताया कि आठवें और नौवें दिन भक्त शनिवार को मां की पूजा-अर्चना के साथ कंजकों का पूजन कर व्रत खोलेंगे।