बुलंदशहर। थाना नरसेना क्षेत्र में लूट की घटना के बाद थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम पर गाज गिरी है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने उन्हें पद से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर थाना प्रभारी सलेमपुर नितिन कुमार को थाना प्रभारी नरसेना नियुक्त किया गया है।
गांव नगला सुम्मी जनपद कासगंज निवासी सुगंध कुमार ने बुधवार को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि वह गढ़मुक्तेश्वर निवासी गन्ना सोसायटी के चेयरमैन सरदार जितेंद्रपाल सिंह के पीए हैं। बुधवार को छुट्टी लेकर अपने घर बाइक से जा रहे थे। सुबह करीब छह बजे नरसेना से एक किलोमीटर पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए उनकी बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। मोबाइल फोन को करीब पांच सौ मीटर आगे रास्ते में फेंक दिया। इस मामले में 24 घंटे बाद भी थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर उनकी शिनाख्त भी नहीं कर सकी है। वहीं, लूट की घटना के बाद एसएसपी ने थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम को पद से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा को पुलिस लाइन से प्रभारी शिकायत जांच प्रकोष्ठ नियुक्त किया गया है। निरीक्षक यंगबहादुर सिंह को प्रभारी चुनाव सेल, त्योहार सेल से एसएसपी का वाचक, निरीक्षक बलराम सिंह को पुलिस लाइन से अतिरिक्त निरीक्षक थाना खुर्जा नगर, निरीक्षक वीरेंद्र कुमार को अतिरिक्त निरीक्षक थाना शिकारपुर को अतिरिक्त निरीक्षक खुर्जा नगर, निरीक्षक विजय कुमार को पुलिस लाइन से अतिरिक्त निरीक्षक थाना शिकारपुर, निरीक्षक महेंद्र कुमार त्रिपाठी को वाचक एसएसपी से प्रभारी सोशल मीडिया सेल, निरीक्षक सलीम अहमद को अतिरिक्त निरीक्षक थाना खुर्जा नगर से पुलिस लाइन, उपनिरीक्षक रामकुमार राम को थाना छतारी से प्रभारी चौकी बगराई थाना खुर्जा देहात, उपनिरीक्षक शशिकांत गौतम को पुलिस लाइन से प्रभारी चौकी ततारपुर थाना कोतवाली नगर, महिला उपनिरीक्षक प्रेमकुमारी को पुलिस लाइन से थाना अनूपशहर भेजा गया है।
उपनिरीक्षक नीरज शर्मा को थानाध्यक्ष अहार से थानाध्यक्ष सलेमपुर, उपनिरीक्षक राहुल कुमार को थाना कोतवाली देहात से थानाध्यक्ष अहार नियुक्त किया गया। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि नरसेना थाना प्रभारी को कार्य में शिथिलता व लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है।