कस्बा में सोमवार दोपहर को प्रिंस गार्डन के पास बाइक ने पैदल चल रहे कैफ (22) को टक्कर मार दी। हादसे में कैफ और बाइक सवार अन्य दो युवक घायल हो गए। वहीं शाम को अलीगढ़ मेडिकल में उपचार के दौरान कैफ की मौत हो गई।
पहासू थाना प्रभारी ने बताया कि पठान टोला मोहल्ला निवासी कैफ सोमवार को किसी काम से बाजार आया था। तभी सड़क पार करते हुए बाइक सवार युवकों ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में कैफ और बाइक सवार विवेक व सुमित घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को पहासू सीएचसी पहुंचाया। जहां से तीनों को अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया गया।
जहां पर उपचार के दौरान शाम को कैफ ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल विवेक व सुमित का उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की जानकारी तीनों के परिजनों को दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद पठान टोला मोहल्ला में मातम पसर गया है। पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।