नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैसलाबाद में संपत्ति विवाद के चलते दो बेटों ने अपनी मां को जिंदा जला दिया। बीच बचाव करने पर भाई पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
दोनों को जिला अस्पताल से हायर सेंटर दिल्ली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान मां ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायल की तहरीर पर दो आरोपी भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया।
फैसलाबाद निवासी सलीम पुत्र शब्बीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह छह भाई थे। बड़ा भाई भूरा, उससे छोटा तौफीक, उससे छोटा सलीम, तौसीफ, आसिफ और आरिफ थे। तौफीक की करीब दो माह पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है।
अब पांच भाई शादीशुदा हैं और अलग-अलग रहते हैं। सलीम ने पुलिस को बताया कि 30 गज का मकान उसकी मां मिजरा (58)के नाम है। जिसे वह सलीम को देना चाहती है। इसको लेकर सभी भाइयों में विवाद रहता है।
सलीम ने बताया कि इसी बात से नाराज होकर बुधवार रात उसके भाई तौसीफ और आरिफ ने उसकी मां के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। साथ ही उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को हायर सेंटर दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल रेफर कर दिया। एसआई रवि सहगल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम मिजरा ने उपचार के दौरान दिल्ली में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने एक आरोपी आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि आरिफ (22) और तौसीफ (25) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।