बुलंदशहर/छतारी। गंगा स्नान कर घर लौट रहीं मां रामश्री (70) वर्ष और बेटे हरीश बाबू (50) वर्ष की अलीगढ़ हाईवे पर थाना छतारी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वहीं, पौत्र घायल हो गया। रामश्री की बेटी की सोमवार को गोद भराई थी। मां-बेटे की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
छतारी क्षेत्र के गांव बुढांसी निवासी विजय बाबू ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब पांच बजे उनकी मां रामश्री, बड़े भाई हरीश बाबू और उनका का बेटा भानू (10) बाइक से अनूपशहर गंगा स्नान करने गए थे। स्नान करने के बाद वह घर लौट रहे थे। सुबह करीब आठ बजे अलीगढ़ हाईवे पर थाना छतारी क्षेत्र में नारायणपुर नहर पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने उनकी मां रामश्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं, भाई हरीश बाबू और भतीजे भानू की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाते वक्त भाई हरीश की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, भतीजे भानू को उपचार के लिए अलीगढ़ के निजी अस्पताल वरुण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।
सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत और बालक के घायल होने की सूचना से परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। गावं के लोग भी काम पर नहीं गए। गांव के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढाढ़स बंधाते हुए सांत्वना दे रहे हैं। बताया कि उनके भाई हरीश बाबू मजदूरी कर परिवार का पालन करते थे।
-
घर पर चल रही थी तैयारी
जिस घर में सोमवार को बेटी मुस्कान की गोदभराई की तैयारियां चल रही थीं। हलवाई भोजन बनाने में जुटे थे और मेहमान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच चुके थे। तभी सड़क हादसे में मुस्कान के पिता हरीश बाबू और दादी रामश्री की मौत की खबर पहुंची।
यह सूचना मिलते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। हरीश बाबू के भाई विजय बाबू ने बताया कि मुस्कान का रिश्ता अहमदगढ़ में तय हुआ था। हादसे के बाद गोदभराई का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया।
-
चार बच्चों के सिर से उठा पिता और दादी का साया
विजय बाबू ने बताया कि हरीश बाबू की पत्नी राधा की वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान मृत्यु हो गई थी। पत्नी के निधन के बाद हरीश बाबू अपने चारों बच्चों का पालन-पोषण मां रामश्री के साथ मिलकर करते रहे। पहले मां का साया सिर से उठा और अब पिता के साथ-साथ उनकी परवरिश करने वाली दादी भी उन्हें छोड़कर चली गईं। परिजनों के साथ ग्रामीण भी बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
कोट...
किस वाहन ने बाइक को टक्कर मारी है इसके बारे में जानकारी की जा रही है। मुख्य मार्ग के कुछ सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं जिससे वाहन चालक के बारे में जानकारी मिल सके। अभी तक परिवार की ओर कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मधुप कुमार सिंह, सीओ डिबाई
छतारी क्षेत्र के नारायणपुर मोड़ पर हुए सड़क हादसे में मृतका राश्री का फाइल फोटो। स्रोत : फाइल फ