संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचागांव। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़ की। आरोपी को बचाने के लिए थाने में कई घंटे तक पंचायत हुई लेकिन, छेड़छाड़ की घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया।
जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 32 वर्षीय महिला बृहस्पतिवार को घर में कुछ काम कर रही थी। गांव निवासी एक युवक पशुओं का खूटा रखने के लिए उसके घर में घुस गया। महिला को अकेली देख युवक ने उसके हाथ को पकड़कर कमरे में खींच ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला की पिटाई भी की। घटना महिला के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की शिकायत बृहस्पतिवार को ही जहांगीराबाद कोतवाली में दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में भी ले लिया। आरोपी को बचाने के लिए गांव से लेकर कोतवाली तक पंचायत हुई। कोतवाली में भी करीब तीन घंटे तक पंचायत की गई। पंचायत में लोगों ने महिला पर तहरीर वापस लेने का दबाव बनाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जहांगीराबाद पुलिस हरकत में आ गई और 24 घंटे बाद शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी का शांति भंग में चालान कर दिया।