दरोगा से परेशान छेड़छाड़ पीड़िता ने की डीजीपी से शिकायत
बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाने की एक चौकी पर तैनात दारोगा के खिलाफ पीड़िता ने डीजीपी से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि उसके साथ छेड़छाड़ हुई, लेकिन दारोगा ने रिपोर्ट मारपीट में दर्ज की। पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि दारोगा दबंग किस्म का है और गौतमबुद्धनगर का रहने वाला है।
डीजीपी को शिकायत भेजते हुए महिला ने बताया कि जब वह खेत से लौट रही थी, उसके साथ गांव के ही कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की थी। महिला और उसके पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट भी की। इस संबंध में जब महिला चौकी पर पहुंची तो दारोगा ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। जिसके बाद महिला सीओ के पास पहुंची। सीओ ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश कर दिए। महिला का आरोप है कि दारोगा ने उससे जबरन तहरीर बदलवाई और केवल मारपीट की धारा में तहरीर लिखवाई। जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। अब महिला को पता चला कि दर्ज रिपोर्ट में छेड़छाड़ की धारा नहीं है तो उसने दारोगा से शिकायत की। आरोप है कि दारोगा ने उसे धक्के देकर चौकी से निकाल दिया। इस संबंध में एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। महिला मुझसे मिलकर प्रकरण बताएगी तो दारोगा के खिलाफ कार्रवाई होगी। उनका कहना है कि फिर भी वह मामले की जांच कराएंगे।