बुलंदशहर। मेरठ खंड के स्नातक और शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के लिए शुक्रवार को जिले में मतदान हुआ। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं ने कम रुचि दिखाई। इस वर्ग में केवल 39 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 61.22 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिले के सभी 65 मतदेय स्थलों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ और शाम चार बजे तक वोट डाले गए। एमएलसी स्नातक में 10768 और शिक्षक वर्ग में 6918 वोट थे।
अधिकतर मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंची। इक्का-दुक्का मतदाताओं के मौके पर पहुंचने के कारण दिन भर अधिकारी-कर्मचारी मतदाताओं का इंतजार करते रहे।
डीएम कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने मतदेय स्थलों का जायजा लिया और निष्पक्ष मतदान कराने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों के वोट नहीं : भाजपा, सपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों के बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के वोट इस बार नहीं बनाए गए।
भाजपा के कई विधायक, जिला, तहसील, मंडल स्तरीय पदाधिकारियों ने वोट बनवाने के लिए आवेदन किया, लेकिन उनके वोट नहीं बनाए गए।
अधिकतर जनप्रतिनिधियों ने वोट करने के फोटो या वीडियो अपलोड करने के बजाए मतदेय स्थल के बाहर लगे कैंप के फोटो अपलोड किए हैं।
मतदान के बाद बैरन हॉल नुमाइश ग्राउंड स्थित अस्थायी स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा कराई गईं। डीएम व एसएसपी न देर रात जमास्थल का निरीक्षण कर जाएजा लिया। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी।
स्नातक वर्ग में भाजपा व सपा के बीच मुकाबला
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर भाजपा ने वर्तमान एमएलसी दिनेश गोयल को फिर से प्रत्याशी बनाया है जबकि समाजवादी पार्टी की ओर से प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा अन्य प्रत्याशियों ने भी अपनी किस्मत आजमाई। चुनाव में भाजपा और सपा के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।
शिक्षकों ने मतदान में दिखाया उत्साह
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक की तुलना में मतदान का प्रतिशत अधिक रहा। यहां 61.22 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। भाजपा ने वर्तमान एमएलसी श्रीचंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया है जबकि सपा ने नितिन कुमार तोमर को मैदान में उतारा है। शिक्षक वर्ग में भी कई निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है। शिक्षक वर्ग में 61.22 फीसदी और स्नातक में 39 फीसदी मतदान हुआ है। मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा में नुमाइश मैदान में जमा करा दिया गया है। यहां से इन्हें मेरठ भेजा जाएगा।
- अभिषेक कुमार सिंह, एडीएम वित्त
गुलावठी में एमएलसी के चुनाव में मतदान के लिए लाइन में लगे मतदाता। संवाद