सपा विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित को आए धमकी भरे फोन की लोकेशन पुलिस ने तलाश ली है। पुलिस के मुताबिक, विधायक को कॉल हरिद्वार से आई थी।
हालांकि पुलिस कॉलर का नाम और हरिद्वार में कहां से कॉल आई यह बताने से इनकार कर रही है। पुलिस जल्द ही कॉल करने वालों को पकड़ने की बात कह रही है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि सपा विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित को उनके मोबाइल नंबर पर रविवार शाम दो अज्ञात नंबरों से कॉल आई थी।
जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि वह संतोष राय बोल रहा है और गोरखपुर जेल आकर मिले। ऐसा नहीं करने पर अंजाम भुगतने को तैयार रहे।
एसपी सिटी ने बताया कि मोबाइल नंबरों की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में मिली है। कॉल हरिद्वार में कहां से आई और किसने की यह बताने से पुलिस इंकार कर रही है।
बता दें कि संतोष राय हरिद्वार जेल में बंद है। पुलिस यह भी मानकर चल रही है कि विधायक को कॉल गोरखपुर जेल में बंद अमरमणि त्रिपाठी से मिलने के लिए आई थी।
लेकिन इस बारे में खुलकर बोलने से बच रही है। पुलिस जल्द ही कॉल करने वालोें को पकड़ने की बात कह रही है।