कोतवाली क्षेत्र के गांव दानपुर के निकट भ्रमण पर निकले सपा विधायक गुड्डू पंडित को देखकर कुछ युवकों ने हूटिंग(शोर मचाना) शुरू कर दी।
आरोप है कि गुस्साए विधायक ने दो युवकों को थप्पड़ जड़ दिया और हवाई फायरिंग भी की। गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ नारेबारी करते हुए डिबाई-अलीगढ़ राजमार्ग जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंचे सीओ और भाजपा नेता ने किसी तरह समझाकर जाम खुलावाया। पीड़ित युवकों ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ तहरीर दी है। विधायक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।
सीओ डिबाई ब्रह्म सिंह यादव ने फोन पर बताया कि दानपुर निवासी उमेश पुत्र मिसरी लाल और नरेश पुत्र रेशमपाल दो युवक अन्य युवकों के साथ गांव में घूम रहे थे।
इस दौरान सपा विधायक गुड्डू पंडित भ्रमण पर निकले जा रहे थे। युवकों ने उन्हें देखकर हूटिंग(शोर मचाना) शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गुस्साए विधायक कार से उतरे और दोनों युवकों को थप्पड़ जड़ दिया और हवाई फायरिंग भी की। ग्रामीणों ने विधायक पर दबंगई का आरोप लगाते हुए जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ डिबाई ब्रह्म सिंह यादव और भाजपा नेता हरीश लोधी भी पहुंच गए। दोनों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
सीओ ब्रह्म सिंह यादव ने बताया कि करीब 15 मिनट तक जाम लगा रहा। युवकों ने विधायक के खिलाफ चौकी में तहरीर दी है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मैं भ्रमण पर निकला हुआ था। युवकों ने शराब पी रखी थी। कुछ सिपाहियों से जरूर कहासुनी हुई है। न मैंने थप्पड़ मारा और न ही कोई फायरिंग की है। मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं।
भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित-विधायक, डिबाई