नींव में खेल रहीं बच्चियों के ऊपर गिरी मिट्टी, एक बच्ची की मौत
शिकारपुर। नगर के मोहल्ला नौगंज में मकान बनाने के लिए खोदी गई नींव में खेलने के दौरान मिट्टी खिसकने से 3 बच्चियां दब गईं। मिट्टी हटाकर बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि दोनों घायल बच्चियों का उपचार किया जा रहा है।
नगर के मोहल्ला नौगंज निवासी नरेश व हरपाल दोनों भाई एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते हैं। नरेश ने मकान बनवाने के लिए पीछे के हिस्से की नींव खोदी थी। मंगलवार दोपहर नरेश की 10 वर्षीय पुत्री सोनिया हरपाल की पुत्री खुशी तथा मोहल्ला निवासी महेश की बेटी भावना एक साथ नींव में खेल रहीं थीं। इसी दौरान नींव की मिट्टी गिरने से तीनों बच्चियां उसमें दब गईं। मिट्टी खोदकर तीनों बच्चियों को बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में तीनों बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने नरेश की 10 वर्षीय बेटी सोनिया को मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों अन्य बच्चियों का उपचार किया जा रहा है।
पुलिस को बिना सूचना दिए किया अंतिम संस्कार
10 वर्षीय सोनिया की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बच्ची के शव को घर लेकर आए और पुलिस को बिना सूचना दिए गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।