बीबीनगर। बिना लाइसेंस के मेडिकल संचालित करने और नकली दवा बेचने की सूचना पर औषधि विभाग की दो सदस्यीय टीम ने बृहस्पतिवार शाम कस्बे के एक मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक दस्तावेज नहीं दिखा सका। उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
क्षेत्र के गांव परतापुर में शाहजेब बिना पंजीकरण के मेडिकल स्टोर का संचालन कर रहा है। बृहस्पतिवार को एक सूचना पर हापुड़ और बुलंदशहर के औषधि इंस्पेक्टर ने संयुक्त निरीक्षण किया। टीम को मेडिकल पर बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री होते हुए मिली। औषधि निरीक्षक बुलंदशहर अनिल आनंद ने बताया कि कस्बे में नकली दवा बिक्री की सूचना मिली थी, जिसमें वह व औषधि निरीक्षक हापुड़ हेमेंद्र चौधरी के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम ने संयुक्त होकर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संचालक से लाइसेंस मांगा गया तो संचालक कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। मेडिकल स्टोर में 109 तरह की दवाओं का भंडार मिला। दवाओं को जब्त कर लिया गया है। इनकी कीमत करीब एक लाख 20 हजार रुपये है। इसके साथ ही जांच के लिए तीन दवाओं का सैंपल लिया गया है। आरोपी संचालक शाहजेब के विरुद्ध औषधि निरीक्षक ने बीबीनगर थाने में अभियोग पंजीकृत कराया है।