सिकंदराबाद। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति, ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूजा रानी निवासी गांव तिबड़ा थाना बीबी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि छह वर्ष पूर्व उसकी शादी सिकंदराबाद के गांव मुरादाबाद निवासी कौसल के साथ हुई थी। शादी में परिवार के लोगों ने हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। उसके पति अर्धसैनिक बल में कार्यरत हैं। पति कौसल, सास सुनीता, ससुर ब्रह्मपाल, देवर शनि शादी के बाद से अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करते चले आ रहे हैं। आरोप है कि 21 अक्तूबर की शाम पांच बजे वह अपने कमरे थी। इसी दौरान पति, ससुरालियों ने पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने उसकी जान बचाई। जानकारी होने पर उसके पिता, भाई ससुराल पहुंचे और ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुरालियों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बिना दहेज की मांग पूरी हुए घर में रखने से इंकार कर दिया। तभी से वह अपने बेटे के साथ मायके में रह रही है। कोतवाल रवि रतन सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति, ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।