बुलंदशहर। दिवाली की खुशियां बाजारों में देखने को मिल रही हैं। छोटी दिवाली पर शनिवार को नगर समेत जिलेभर के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। घरों को सजाने के लिए लोगों ने रंग-बिरंगे तोरण, बंदनवार, झालर, दिए, मोमबत्ती और रंगोली की जमकर खरीदारी की। वहीं, मिठाई, उपहार, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही।
जिले में सात स्थानों पर आतिशबाजी की दुकानें लगाई गईं। यहां लोगों ने पटाखों की खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार, शनिवार को जिलेभर में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
शनिवार सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। घरों के मुख्य द्वार को सजाने के लिए लक्ष्मी-गणेश, फूल-पत्ती, मोती और नग से बने तोरण व बंदनवार लोगों को खूब पसंद आए। वहीं, रोशनी के त्योहार को खास बनाने के लिए मिट्टी के दिए, डिजाइनर मोमबत्तियां और बैटरी से चलने वाले दिए भी खूब बिके। पूजा और सजावट के लिए गेंदे के फूलों की भी जमकर खरीदारी हुई।
विक्रेता तरुण शर्मा ने बताया कि इस बार बाजार में तोरण, रंगोली, लटकन, झूमर, दीया स्टैंड, कैंडल और माता लक्ष्मी के चरणों वाले सजावटी सामान की अच्छी मांग है। फूलों के अलग-अलग डिजाइन वाली लटकन और झालर भी महिलाओं को पसंद आ रही हैं।
विक्रेता रोहित ने बताया कि बाजार में 10 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक के सजावटी सामान उपलब्ध हैं। लोग अपने बजट और पसंद के अनुसार घरों को सजाने के लिए रंगोली, झूमर, लटकन और बंदनवार खरीद रहे हैं।
डिजाइनर झालरों से जगमग होंगे घर : दिवाली पर घरों को रोशन करने के लिए इलेक्ट्रिक झालरों की भी खूब बिक्री हुई। इलेक्ट्रिक झालर विक्रेता गर्व सिंघल ने बताया कि इस बार बाजार में डिजाइनर मोमबत्ती, लड्डू, कमल के फूल और कलश के आकार वाली इलेक्ट्रिक झालर उपलब्ध हैं। व्यापारी दीपक अग्रवाल उर्फ दीनू ने बताया कि एलईडी लाइट, रंग-बिरंगी झालर और इलेक्ट्रिक दीयों की खूब मांग रही।