निकाय चुनाव के लिए किए गए परिसीमन में आपत्तिया का पिटारा खुल गया है। इसके चलते अफसरों की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। अफसरों पर एसी दफ्तर में बैठकर परिसीमन तय करने के आरोप लग रहे हैं। नए परिसीमन में मोहल्ले के मोहल्ले गायब हैं।
इसके कारण बड़ी संख्या में मतदाता छूट गए हैं। बड़ी संख्या में आ रही आपत्तियों को देखते हुए अब अफसरों की परेशानी बढ़ गई है। नगर निकाय चुनाव को देखते हुए जारी किए गए नए परिसीमन में व्यापक स्तर पर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। 2012 के सापेक्ष भवनों की संख्या बढ़ गई है, जबकि मतदाताओं की संख्या घट गई है।
नगर समेत जिलेभर के निकायों में मोहल्ले के मोहल्ले छूट गए हैं। नगर के अधिकांश वार्डों में यह गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। अफसरों के पास भी व्यापक स्तर पर शिकायत पहुंच रही हैं। हालांकि अफसरों का दावा है कि परिसीमन में छूटे गए मोहल्लों और घरों को जोड़ लिया जाएगा।
महज चार वोटरों का बूथ
बूथों के निर्माण में भी बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आई है। वार्ड संख्या 33 में बूथ संख्या 194 में जहां 39 वोटर हैं तो बूथ संख्या 195 में महज चार वोटर हैं। इन बूथों का जो नक्शा दाखिल किया गया है, उसके हिसाब से कम से कम 400 वोटर बूथ पर होने चाहिए। जिले में ऐसे बूथों की भी भरमार है, जहां वोटरों का गणित बिगड़ा हुआ है।
परिसीमन को लेकर आ रहीं आपत्तियों को देखते हुए इनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जो आपत्ति जायज होगी, उसे जांच कराके दूर किया जाएगा।
-ब्रजेश कुमार, एडीएम वित्त
पालिका में दिया धरना
बुलंदशहर। वार्ड 30 के अंतर्गत मोहल्ला फैसलाबाद के लोगों ने परिसीमन को लेकर मतदाताओं के वोट काटने पर धरना प्रदर्शन किया। नगर पालिका में आयोजित धरना प्रदर्शन में आरोप लगाया गया कि वार्ड 30 की वोटर लिस्ट में करीब 1000 मतदाताओं का नाम काट दिया गया है। सपा मजदूर सभा के सचिव चंद्रपाल सिंह ने कहा कि राजनीतिक षडयंत्र के तहत वोटों को काटा गया है।