जहांगीराबाद। मंडी में व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन वापसी की तिथि गुजरने के बावजूद किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद अब तीनों प्रत्याशी जयप्रकाश गर्ग, कृपाल सिंह लोधी और अमित गोयल मैदान में डटे हुए हैं। चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश गोयल ने एजेंडा जारी कर सात अप्रैल को मतदान की तिथि घोषित कर दी है। उन्होंने बताया कि मतदान में वही व्यापारी भाग ले सकेंगे, जिनका मंडी लाइसेंस जून 2026 तक नवीनीकृत है। वोट डालने के लिए लाइसेंस दिखाना अनिवार्य होगा और इसके साथ 100 रुपये शुल्क भी जमा करना होगा। महिला लाइसेंसधारी व्यापारी प्रार्थना पत्र देकर अपने प्रतिनिधि को मतदान के लिए अधिकृत कर सकेंगी। चुनाव की घोषणा के बाद मंडी क्षेत्र में गहमागहमी बढ़ गई है। तीनों प्रत्याशी पूरी तरह सक्रिय होकर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। संवाद