बुलंदशहर के खुर्जा में शनिवार शाम पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कुश चौधरी के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी की बाइक और तमंचा बरामद किया।
बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस और अपहरण व हत्या में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच शनिवार शाम को मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी। आरोपी बदमाश को जटिया अस्पताल भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
विज्ञापन
खुर्जा सीओ शोभित कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को खुर्जा नगर पुलिस सिकंदराबाद मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार एक युवक को आते देखा गया तो उसको रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख आरोपी बदमाश सीकरी गांव के जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। खेत के रास्ते में बदमाश की बाइक फिसल गई और वह वहीं गिर गया।
विज्ञापन
पुलिस से घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसमें बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान कुश चौधरी निवासी दत्तावली गांव जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी खुर्जा नगर से अपहरण व हत्या की धारा में वांछित चल रहा था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सीओ ने बताया कि आरोपी से चोरी की बाइक व एक तमंचा बरामद किया गया। जांच पता चला कि आरोपी पर पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट, मारपीट व अन्य धाराओं में 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।