बुलंदशहर। टैंकर कारोबार में साझेदारी का लालच देकर एक महिला से 6.90 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के ममेरे भाई और उसके साथी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। अब एसएसपी के आदेश के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कैलाशपुरी निवासी बीना गोयल ने बीते दिनों एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके ममेरे भाई भविष्य मित्तल और उसके दोस्त दीपांशु गुप्ता ने उनसे संपर्क किया था। दोनों ने उन्हें टैंकर खरीदकर कारोबार में हिस्सेदार बनाने का झांसा दिया।
आरोपियों ने कहा कि वह कारोबार को बढ़ाना चाहते हैं और टैंकर सीधे पीड़िता के नाम से ही खरीदा जाएगा। इस विश्वास पर उन्होंने बीना गोयल से करीब सात लाख रुपये की मांग की। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़िता बीना गोयल ने उन्हें तत्काल तीन लाख रुपये नकद सौंप दिए। इसके बाद उन्होंने 3.90 लाख रुपये की राशि आरटीजीएस के माध्यम से भविष्य मित्तल और दीपांशु गुप्ता को ट्रांसफर कर दी। इस तरह पीड़िता ने टैंकर कारोबार में साझेदारी के लिए कुल छह लाख 90 हजार रुपये दिए।
पीड़िता का कहना है कि रुपये दिए जाने के बाद काफी समय बीत गया, लेकिन न तो कोई टैंकर खरीदा गया और न ही उन्हें कारोबार में साझेदार बनाया गया। जब पीड़िता ने आरोपियों से अपने पैसों और कारोबार की प्रगति के बारे में पूछताछ की, तो वह हर बार टालमटोल करने लगे। आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस करने का दबाव बनाया तो दोनों आरोपी उनके घर पहुंच गए। वहां उन्होंने पीड़िता के साथ न केवल गाली गलौज की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने पहले खुरजा गेट स्थित पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भविष्य मित्तल और दीपांशु गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।