खुर्जा। देहात थाना पुलिस ने खेती करने गए वृद्ध पर धारदार हथियार से हमला करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी युवक का पिता अभी भी फरार है। मामले में घायल वृद्ध के बेटे ने आरोपी युवक व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
क्षेत्र के गांव ढांकर निवासी नईम खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता बुनियाद अली मुबारिकपुर गांव में परमानंद शर्मा के खेत की देख-रेख करते हैं।
रोजाना की तरह पिता बुनियाद बुधवार को भी वह नलकूप पर गए थे। जहां दो लोग आ गए। आरोप है कि उन्होंने धारदार हथियार से उनके पिता पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें घायल अवस्था में जटिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। जिनका उपचार गाजियाबाद के अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुबारिकपुर निवासी नितिन व उसके पिता लख्मी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही आरोपी नितिन को मुबारिकपुर गांव के निकट से पकड़ा और जेल भेज दिया गया।