खुर्जा देहात थाना प्रभारी प्रशिक्षु सीओ शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि दादरी से एक निजी बस सवारी लेकर हरदोई के लिए रवाना हुई थी। इसमें अलीगढ़, हाथरस व अन्य जनपदों में जाने वाले यात्री थे। चालक के अनुसार जब नेशनल हाइवे 34 पर धरपा कट के पास पहुंचे तो अचानक इंजन में से धुंआ उठने लगा तो उन्होंने बस को सड़क किनारे पर को रोक लिया। इसके बाद सभी लोगों को नीचे उतरने को बोल दिया। कुछ देर में इंजन में आग की लपटेंं बाहर उठने लगीं तो चालक बाहर कूद गया और यात्रियों को उतारने में जुट गया।
समय रहते हुए सभी लोग बस से बाहर आ गए। कुछ ही देर में बस में आग फैल गई। वहीं सूचना पर थाना पुलिस टीम और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दोनों टीम आग बुझाने में जुट गई। वहां मौजूद यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य पर भेजा गया। सीओ ने बताया कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। आग लगने से यातायात को रोका गया था, जो आग शांत होने के बाद सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।