बुलंदशहर। जिले में लंपी स्किन रोग का खतरा बढ़ गया है, जिससे विभिन्न गांवों में 20 गोवंश संक्रमित हुए हैं। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने संक्रमण रोकने के लिए सभी पशु मेलों पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। नगर पालिका और नगर पंचायतों को इस संबंध में निर्देश जारी हुए हैं। जिले के बॉर्डर पर पशु वाहनों की चेकिंग के भी आदेश दिए गए हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि बाहरी पशुओं से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इसलिए पशु मेलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। संक्रमण की चेन तोड़ने को पशुओं की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है। अब गाय-भैंसों को एक जिले से दूसरे या एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाना प्रतिबंधित है। अंतरजनपदीय और अंतर्राज्यीय सीमाओं पर टीमें सतर्क हैं, पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग करेगी। जिले में 32 टीमों ने अब तक 50 हजार से अधिक गोवंशों का टीकाकरण किया है।