बुलंदशहर। जिले के 36 सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की रूचि बढ़ाने के लिए लर्निंग बाय डूइंग (एलबीडी) लैब स्थापित की गई है। डायट परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय व खुर्जा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय शाहपुर कला में स्थापित एलबीडी लैब का शुक्रवार को राज्य परियोजना कार्यालय की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लैब में प्रयोग किए। जिसकी टीम ने डाॅक्यूमेंट्री बनाई।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एलबीडी लैब में सोलर कुकर निर्माण, सोलर लाइट, सोलर कार निर्माण, एलईडी बल्ब, साइकिल रखरखाव एवं साइकिल रिपेयरिंग, डस्टर निर्माण एवं गृह शिल्प में नींबू पानी, लस्सी बनाने जैसी गतिविधि की।
बेहतर कौशल को देखकर टीम ने सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी की। इसकी पीपीटी लखनऊ में राज्य स्तर के प्रशिक्षण एवं उच्च अधिकारियों के सामने प्रस्तुत की जाएगी।
इस दौरान एलबीडी कार्यक्रम के स्टेट हेड प्रशांत कुमार दुबे ने शिक्षकों से लैब और स्कूल में पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बच्चों को क्या नया सीखने के लिए मिल रहा है, इसके बारे में पूछा।
जिला समन्वयक हेमेंद्र मिश्रा ने टीम को बताया कि ऊर्जा एवं पर्यावरण, इंजीनियरिंग एवं वर्कशाप, कृषि एवं बागवानी, गृहविज्ञान से संबंधित गतिविधियां कराई जाती हैं। जनपद में वर्तमान 36 विद्यालयों लर्निंग बाय टूरिंग कार्यक्रम संचालित है।
इसके अतिरिक्त जनपद में 11 पीएमश्री एवं 32 विद्यालयों में जुलाई माह से बीबीडी प्रोग्राम संचालित किया जाएगा। इस मौके पर टीम में शामिल सैयद, अनुभव, क्षितिज व सुल्तान समेत दोनों विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।