लॉकडाउन में लोगों को छिपकर सामान देता दुकानदार।
- फोटो : BULANDSHAHR
लॉकडाउन का नहीं हो रहा पालन, आधा शटर खोलकर बेच रहे सामान
बुलंदशहर। कहने को तो शनिवार और रविवार को जिले में लॉकडाउन है, लेकिन अफसरों की शह पर कुछ दुकानदार आधा शटर खोलकर धड़ल्ले से सामान बेच रहे हैं। अफसरों के सामने ही शासन द्वारा लागू नियमों की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
कोरोना की चेन तोड़ने के लिए शासन और जिला प्रशासन द्वारा नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश हैं, फिर चाहे वो दुकानदारों के लिए हो या आम नागरिक के लिए। लेकिन, इन नियमों का पालन होता नहीं दिख रहा है। बड़े दुकानदार इसकी खुलकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। दुकानदार बंदी के बावजूद भी आधा शटर खोलकर दुकान के बाहर बैठ जाते है और आने वाले ग्राहक को समान उपलब्ध करा रहे हैं। जबकि नियमानुसार सिर्फ मेडिकल, परचून और जरूरत के समान की दुकानें ही खुलेंगी। लेकिन, कंफेक्शनरी आदि की दुकान भी खुली रहती हैं। ऐसा नहीं है कि अधिकारियों को इस बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन अनदेखी की जा रही है।
शनिवार और रविवार को बाजार पूर्ण बंद रहता है। अगर कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकान खोलने का आदेश है। - अभय कुमार मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट