चोला। खानपुर गांव में एक ही परिवार के पांच बच्चों की स्वास्थ्य अचानक खाना खाने के बाद बिगड़ गया और सभी बेहोश हो गए। बाद में पता चला कि दाल बनाने के बाद उसमें छिपकली गिर गई थी। परिजनों ने बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद बृहस्पतिवार को सभी को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। अब सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्षेत्र के गांव खानपुर में महिला सीमा ने घर के सदस्यों के लिए बुधवार रात खाना बनाया। खाना बनाने के समय इसमें छिपकली गिर गई। जिसकी किसी को जानकारी नहीं लग सकी। इस बात से अनजान परिवार के सदस्यों ने खाना खा लिया। खाना खाने के बाद शिवानी (17 वर्ष), विवेक कुमार (15 वर्ष), शगुन (11 वर्ष), वर्षा (8 वर्ष), प्रिंस (6 वर्ष) की हालत बिगड़ गई। सभी के पेट में दर्द होने के साथ उल्टियां होने लगीं। बच्चे चक्कर आने के बाद बेहोश होकर गिर पड़े। इसे देख शोर शराबा होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिन्हें ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार सुबह उपचार के बाद बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। महिला सीमा ने बताया कि दाल में मरी हुई छिपकली मिली। जो खाना बनाने के बाद गिर गई होगी। फिलहाल बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। सभी घर पर आ गए हैं।