100 गांवों की चार घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति, हंगामा
औरंगाबाद। क्षेत्र के गांव मूंढी बकापुर स्थित बड़े बिजलीघर की बीती रात सीटी फूंकने से छह विद्युत उपकेंद्रों की बिजली ठप हो गई। इससे 100 से अधिक गांव चार घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे। रात में ही लोगों ने बड़े बिजलीघर पर पहुंचकर हंगामा किया और तब जाकर आधी रात को बिजली आपूर्ति चालू हो सकी। इसके बाद ही सभी ने राहत की सांस ली।
बताया गया कि मुंडी बकापुर बड़े बिजलीघर से औरंगाबाद, लखावटी, पवसरा, बालका, मेथना जगतपुर और पिपला आदि विद्युत उपकेंद्र पर आपूर्ति की जाती है। इन बिजलीघरों के अंतर्गत करीब 100 गांव जुड़े हुए हैं। बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे बिजलीघर पर रखे सबसे बड़े ट्रांसफार्मर की सीटी में अचानक धमाका हो गया। इसके बाद सीटी में आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया। करीब आधा घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सीटी फूंकने से औरंगाबाद समेत करीब 100 गावों में अंधेरा छा गया। सीटी फूंकने की सूचना पर पावर कारपोरेशन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंचे। रात दस बजे तक बिजली न आने पर गुस्साए सैकड़ों लोग बिजलीघर पर पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया। लोगों का कहना था की अधिकारी सुबह बिजली के आने की बात कर रहे थे। इस पर लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने अधिकारियों का घेराव करते हुए जमकर खरी खोटी सुना डाली। अधिकारियों पर दबाव बढ़ा तो उन्होंने सभी कर्मचारियों को मौके पर बुला लिया और रात 12 बजे के करीब सीटी को बदलवा दिया। इसके बाद आपूर्ति चालू हो पाई। करीब 15 मिनट आपूर्ति चालू के बाद सदर बाजार समेत कई इलाकों के जंपर उड़ गए। लोगों ने इसकी सूचना दी तो किसी भी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। सुबह पांच बजे कर्मचारियों ने जंपर ठीक किए। तब बिजली आ सकी। इसके बाद ही सभी ने राहत की सांस ली।
बड़े बिजलीघर की सीटी फूंकने से आपूर्ति ठप हुई थी। रात में ही सीटी को बदलवाकर आपूर्ति को चालू करा दिया था। अब बिजली सप्लाई सुचारु है।
- कुलदीप चौधरी, एसडीओ औरंगाबाद