ककोड़ मलबा हटाते ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
बुलंदशहर/बीबीनगर/अनूपशहर/ककोड़। जिले में पिछले पांच दिन से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन ठहर सा गया है। दो दिन से कक्षा आठ तक के स्कूल बंद हैं। दलहन और सब्जी की फसल बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है। बुधवार को बारिश की वजह से ककोड़ क्षेत्र के क्षेत्र के गांव नगला गोविंदपुर में दो मंजिला मकान ढह गया। मलबे में दबने से नौ पशुओं की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह धूप निकली तो लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि दोपहर बाद फिर बारिश शुरू हो गई, कुल 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक अभी भी बारिश जारी रहने का अनुमान जता रहे हैं।
बारिश से जहां जगह-जगह जलभराव होने से सड़कें उखड़ गई हैँ। गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कामकाज भी प्रभावित है। बारिश बाजारों में सन्नाटा पसर रहता है। बृहस्पतिवार की सुबह धूप निकली तो लगा कि अब राहत मिलेगी। दोपहर बाद फिर बादलों ने आसमान को घेर लिया और थोड़ी देर में बारिश शुरू हो गई। जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से दलहन व सब्जी की फसलों को नुकसान हो रहा है। बारिश होती रही तो नुकसान और बढ़ सकता है।
लगातार बदल रहे मौसम के बीच बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 82 फीसदी और हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. विवेकराज का कहना है कि बृहस्पतिवार को 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। अभी आगे भी बारिश होने का अनुमान बन रहा है।
ककोड़ क्षेत्र के गांव नगला गोविंदपुर में बुधवार शाम करीब 7:30 दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। पीड़ित न्याजू ने बताया कि गार्डर पटिया डालकर दो मंजिला मकान बना रखा था। परिवार के लोग भाई के घर में थे। घर पर पशु बंधे हुए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जेसीबी से मलबे को हटाकर पशुओं को बाहर निकाला। मलबे में दबने के कारण तीन भैंस व तीन बकरियों समेत नौ पशुओं की मौत हो गई। पांच पशु जख्मी हैं। एसडीएम दीपक कुमार पाल ने बताया कि मौके पर राजस्व टीम को भेजकर जांच कराई गई है। पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। बीबीनगर कस्बे में बुधवार की देर रात मोहल्ला आजमतारा में वृद्धा चंद्रावती प्रजापति के घर की दीवार भरभराकर गिर गई। पीड़िता ने तहसील प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।