अब तहसीलों में होगा शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण
बुलंदशहर। शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए भटकने वाले लोगों को अब राहत मिलेगी। इसके लिए डीएम ने सभी एसडीएम को शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण का अधिकार दिया है। शस्त्रों और लाइसेंसधारकों की जांच के लिए सभी एसडीएम की आइडी और पासवर्ड भी बनाए गए हैं।
विभिन्न प्रकार के शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए जिले भर के लोगों को कलक्ट्रेट के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे डिबाई, नरौरा, स्याना, ऊंचागांव, अहार, अरनिया समेत अन्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को परेशानी होती थी। अब डीएम ने लोगों की परेशानी को कम करने के लिए कदम उठाया है। अभी तक बंदूक, पिस्टल, रायफल समेत अन्य शस्त्रों के लाइसेंस का कलक्ट्रेट सभागार स्थित कार्यालय से ही नवीनीकरण किया जाता था, लेकिन अब डीएम ने सभी तहसीलों के एसडीएम को जिम्मेदारी दी है। डीएम सीपी सिंह ने आदेश दिए हैं कि बंदूक और रायफल के लाइसेंसों का नवीनीकरण संबंधित एसडीएम द्वारा ही किया जाएगा। जबकि पिस्टल, माउजर के लाइसेंस का नवीनीकरण कलक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय से ही किया जाएगा। इसके अलावा नगर क्षेत्र के शस्त्र धारकों के लाइसेंस कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय से ही होंगे। डीएम सीपी सिंह ने बताया कि व्यस्तता के कारण लोगों को कई बार परेशानी होती थी। जिसे कम करने के उद्देश्य से एसडीएम को अधिकार दिया गया है।