ससुराल में परिवार के साथ रहे रहे सेना के लांस नायक का शव सोमवार रात संदिग्ध हालात में पंखे से लटका मिला। फौजी दस दिन पूर्व ही ड्यूटी से अवकाश लेकर घर लौटा था।
बताया जा रहा है कि पत्नी से फौसी की किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पत्नी का कहना है कि फौजी ने आत्महत्या की है। चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना परसादी नगर इलाके का है। शव पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
सीओ खुर्जा आरएल निरंजन ने बताया कि जिला हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ के लौहारी गांव निवासी लांस नायक सतेंद्र सिंह (38) कारगिल सेक्टर में तैनात थे।
सीओ ने बताया कि सतेंद्र काफी समय से जंक्शन स्थित परसादी नगर स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे। पत्नी गुंजन ने बताया कि दिसंबर में पति सतेंद्र एक माह की छुट्टी लेकर घर आए थे।
फिर 31 दिसंबर को वह ड्यूटी पर लौट गए। एक जनवरी को फिर अवकाश लेकर घर लौट आए। सतेंद्र ने बताया था कि उसने एक माह का अवकाश बढ़वा लिया है।
पिछले काफी समय से सतेंद्र शराब का सेवन करते थे। गुंजन की माने तो 11 जनवरी को सतेंद्र ने शराब पीकर उससे गाली-गलौच की थी। इसके चलते वह दोनों बच्चों को लेकर दूसरे कमरे में चली गई।
मंगलवार को जब वह सुबह उठी तो सतेंद्र का शव पंखे से लटका हुआ था। सीओ ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पृष्टि हो पाएगी। उन्होंने शव पर किसी तरह के चोट के निशान होने से इंकार किया है।