संवाद न्यूज एजेंसी
खानपुर। नगर स्थित पोस्ट ऑफिस में सुविधाओं के अभाव में लोगों को रजिस्ट्री, डाक पार्सल समेत अन्य काम के लिए भटकना पड़ रहा है। लोगों की शिकायत के बाद शनिवार दोपहर तीन बजे जेनरेटर मंगाकर काम किया गया। अधिकारियों की लापरवाही से नाराज लोगों ने सूचना प्रसारण मंत्रालय को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर स्थित पोस्ट ऑफिस में एक पखवाड़े से आधार कार्ड बनाने, अपडेट कराने समेत अन्य सेवाएं बंद हैं। शनिवार को आंधी के बाद बिजली नहीं होने के कारण दिनभर रजिस्ट्री व अन्य डाक संबंधी कार्य बंद रहे। अपने काम से पोस्ट ऑफिस पहुंचे ग्राहक राजकुमार सिंघल, नानक सिंह, पवन कुमार, गुड्डू सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारी दिनभर बिजली न होने का दावा करते हुए लोगों को टरकाते रहे। बाद में जब मुख्य कार्यालय के पोस्ट मास्टर को फोन पर शिकायत की गई तो दोपहर तीन बजे जेनरेटर मंगाया गया। ग्राहकों का आरोप है कि पोस्ट मास्टर ग्राहकों से अभद्रता करते हैं। डाक टिकट लिफाफे व पोस्टल ऑर्डर होने का हवाला देकर लोगों को टरका देते हैं जबकि, बाद में पोस्टल ऑर्डर समेत अन्य सामान को बाजार में बेच देते हैं। वहीं भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के तहसील अध्यक्ष ओंकार सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पोस्ट मास्टर पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए ज्ञापन दिया। साथ ही कार्रवाई न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
सीनियर सुप्रिंटेंडेट टीपी सिंह ने बताया कि शनिवार को बिजली नहीं थी। पोस्ट ऑफिसर को वैकल्पिक बिजली की व्यवस्था कर कार्य करने के निर्देश दिए। अभद्रता के मामले में शिकायत के आधार पर जांच कराई जाएगी।