खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र की महेश वाटिका कॉलोनी में मजदूर कमल (25) का सिर कुचला हुआ शव मिला। शव मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ शोभित कुमार व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मामले में देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
सीओ ने बताया कि सोमवार दोपहर महेश वाटिका में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। थाना खुर्जा नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है।
युवक की शिनाख्त खुर्जा देहात के गांव नगला शेखू निवासी कमल के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बिलख उठे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया गया। युवक के बड़े भाई खज्जू ने बताया कि कमल खुर्जा नगर में महाराणा प्रताप चौक स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी में मजदूरी करता था।
वह अक्सर कंपनी की ओर से माल उतारने के लिए ट्रक में बैठकर चला जाता था। काम के सिलसिले में वह दो-तीन घर से बाहर रहता था। पुलिस ने मौके पर स्थानीय लोगों और ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही कॉलोनी के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले। देर शाम तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
200 मीटर दूरी तक मिले खून के निशान :-
घटनास्थल के आसपास फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। पास में पड़े पत्थर पर खून निशान मिले। करीब 200 मीटर दूरी तक खून के निशान मिले। इससे प्रतीत हो रहा था कि मौत से पहले युवक की पिटाई की गई। इसके अलावा आसपास शराब के पैकेट भी मिले। इन सभी को जांच के दायरे में लिया गया।
-
दो साल पहले सड़क हादसे के बाद बीमार हो गया था कमल :-
भाई खज्जू ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। दो साल पहले कमल सड़क हादसे में घायल हो गया था। तब से वह मानसिक रूप से बीमार रहने लगा था। उसका उपचार भी चल रहा था।
कोट :-
कमल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। मामले में भी कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच के लिए पुलिस परिजन व दोस्तों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल और कंपनी के बीच आने वाले सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। - शोभित कुमार, सीओ खुर्जा।