खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र की न्यू शिवपुरी कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। मजदूर के परिजनों ने बृहस्पतिवार को खुर्जा कोतवाली में शिकायत दी। आरोपी ठेकेदार और मकान मालिक पर बिना सुरक्षा के कार्य कराने का आरोप लगाया। गांव सौंदा हबीबपुर निवासी लेखराज ने बताया कि उनके जीजा चमन (34) मूलरूप से हापुड़ जनपद के पिलखुआ क्षेत्र स्थित गांव गालंद के रहने वाले थे। चमन खुर्जा में ही रहकर सेटरिंग डालने वाले ठेकेदार के अंतर्गत मजदूरी करते थे। आरोप है कि उनका ठेकेदार बिना सुरक्षा नियमों का पालन किए कार्य कराता था।
बुधवार को उनके जीजा छुट्टी पर थे, लेकिन ठेकेदार ने जबरन उनको मकान के लिंटर के लिए सरिया बांधने के लिए बुलाया। जहां पर मकान मालिक की ओर से भी कोई सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया। तीसरी मंजिल पर सरिया बांधते हुए चमन नीचे गिर गए, जिनको अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उनको हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने चमन को अलीगढ़ मेडिकल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। ठेकेदार व मकान मालिक से पूछताछ की जाएगी।