संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित तीन राजकीय स्कूलों में 40.50 लाख रुपये की लागत से प्रयोगशालाएं बनेंगी। एक प्रयोगशाला के निर्माण पर 13.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जून माह में तीनों स्कूलों में प्रयोगशालाओं का काम शुरू हो जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि पिछले दिनों शासन की ओर से जिले के तीन राजकीय विद्यालयों में प्रयोगशाला बनाने के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। इसके लिए जिले के गांव दादूपुर नीला, शिकार और अहरौली में संचालित राजकीय विद्यालयों का चयन किया गया। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया था। इस पर अब शासन की ओर से मुहर लगा दी गई है। प्रयोगशाला बनाने के लिए भी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इन स्कूलों में प्रयोगशाला बनने से यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। अभी तक इन विद्यालयों में प्रयोगशाला न होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी।