खानपुर। नगर के मोहल्ला बागबाला से एक सप्ताह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए लैब टेक्नीशियन सकुशल मिल गया है। पुलिस ने शनिवार सुबह उसे मेरठ से तलाश किया। पूछताछ में युवक ने स्वयं घर से जाने की बात स्वीकार की है। वहीं, परिजनों ने मोहल्ले के ही एक युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
मोहल्ला बागवाला निवासी नीरज कुमार लोधी ने 22 अक्तूबर को पुलिस को तहरीर देकर मोहल्ला निवासी एक युवक को नामजद कर अपने भाई कृष्ण कुमार के अपहरण की शिकायत की थी। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों और लोगों ने थाने का घेराव कर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया था। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश तेज कर दी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार सुबह कृष्ण कुमार को मेरठ से तलाश किया गया। वह एक सप्ताह से बरसाना स्थित रंगीली महल के पास एक आश्रम में ठहरा हुआ था। पूछताछ में उसने अपनी मर्जी से घर छोड़कर जाने की बात बताई है। थाना प्रभारी ने बताया दोनों के बीच एक अस्पताल में साझेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके कारण अपहरण का अभियोग पंजीकृत कराया था।