कुट्टू का आटा खाने से तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ी
बुलंदशहर। नवरात्रि के पहले दिन ही कुट्टू का आटा खाने से तीन महिलाओं की हालत बिगड़ गई। सोमवार रात को हालत बिगड़ने के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। महिलाओं की तबियत बिगड़ने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए कदम उठाया।
नवरात्रि के दिनों में बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं। जिसके चलते कुट्टू के आटे की मांग में बड़े पैमाने पर वृद्धि होती है। सोमवार को नवरात्रि शुरू होने के बाद शाम को लोगों ने कुट्टू आटा से बनी सामग्री का सेवन किया। कुट्टू आटा से बनी सामग्री का सेवन करने के बाद नगर के वलीपुरा क्षेत्र निवासी कविता नाम की दो महिलाएं और मीनाक्षी की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। तीन महिलाओं की हालत बिगड़ने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की याद आई। हालत यह है कि मंगलवार को टीम ने जिले भर में अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
प्रत्येक वर्ष कुट्टू का सेवन कर लोग होते हैं बीमार
नवरात्रि के दिनों में कुट्टू आटा से बनी सामग्री का सेवन करने के बाद प्रत्येक वर्ष लोग बीमार होते हैं। पिछले वर्ष भी शहर में दस लोगों की सेहत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि शिकारपुर, सलेमपुर क्षेत्र में दो परिवार के 13 लोगों की तबियत खराब हुई थी। इसके बाद भी समय रहते खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरों पर कार्रवाई नहीं की जाती है।
कुट्टू आटा समेत 15 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच को भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ आरके गुप्ता के निर्देशन में जिले भर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। डीओ आरके गुप्ता ने बताया कि खुर्जा में राकेश, मोहन और चौधरी किराना स्टोर से कुट्टू आटा, आदर्श नमकीन, राज किराना स्टोर से सेवा ब्रांड का चावल, नगर के मंडी फतह गंज और स्याना सब्जी मंडी से कुट्टू आटा, औरंगाबाद में सेवा ब्रांड का चावल, साबूदाना और व्रत के आटे का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा।