यूपी पीपीएस की परीक्षा पास करके डिप्टी एसपी बनी प्रिया सिंह।
- फोटो : BULANDSHAHR
कोतवाल की बेटी बनी डिप्टी एसपी
बुलंदशहर। नगर के मानसरोवर कॉलोनी में रहने वाली कोतवाल की बेटी ने यूपीपीसीएस की परीक्षा पास कर डिप्टी एसपी बनने का सपना साकार कर परिवार का नाम रोशन किया है। प्रिया सिंह 2017 में इनकम टैक्स विभाग में वाणिज्य कर अधिकारी बनी थीं। उसने यह सफलता पहली ही परीक्षा में हासिल कर ली थी।
मानसरोवर कॉलोनी में रहने वाली प्रिया सिंह के पिता रामपाल सिंह जनपद मथुरा में कोतवाल हैं। प्रिया सिंह ने बताया कि उसका बचपन से ही सपना था कि मैं पुलिस अधिकारी बनकर अपने माता-पिता और परिवार का नाम रोशन करूं। इसके लिए मैं लगातार प्रयासरत रही। वर्ष 2017 में पहली ही परीक्षा में मैंने इनकम टैक्स विभाग में वाणिज्य कर अधिकारी बनने की कामयाबी हासिल की। मैंने यह नौकरी भी ज्वाइन कर ली। साथ ही यूपीपीएससी की परीक्षा की लगातार तैयारी करती रही। अब यूपीपीएससी का रिजल्ट आया तो उसमें 32वां स्थान प्राप्त किया है। अब जाकर डिप्टी एसपी बनने का सपना पूरा हुआ है। प्रिया सिंह की इस उपलब्धि पर उसके परिवार में खुशी का माहौल है। उसकी बड़ी बहन हिमा सिंह पीसीएस की तैयारी कर रही है। बड़ा भाई ललित कुमार भी पीसीएस की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा भाई रितिक कुमार सिंह बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। प्रिया सिंह के दादा सुनपत सिंह भी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद से रिटायर्ड हैं। प्रिया सिंह का कहना है कि उसे पुलिस अफसर बनने की प्रेरणा परिवार से ही मिली थी। उसने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां उर्मिला सिंह के साथ पिता और अपने दादा को दिया है।