शिकारपुर। किसानों की समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने तहसील में धरना दिया और एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को क्षेत्रीय किसान सभा के बैनर तले क्षेत्र के किसान शिकारपुर तहसील पहुंचे और धरना दिया। किसान सभा के क्षेत्रीय मंत्री जय भगवान शर्मा ने कहा कि किसानों की खतौनी में बड़े पैमाने पर त्रुटियां हैं। जिन्हें ठीक करने के लिए किसान तहसील के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन कर्मचारी एसडीएम के आदेश के बावजूद किसानों की भूमि के रिकॉर्ड को ठीक नहीं कर रहे हैं। वहीं, किसानों से भूमि रिकॉर्ड ठीक करने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। क्षेत्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र लौर ने आवारा पशुओं से किसानों की फसलों की सुरक्षा की मांग की। बाद में किसानों ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन तहसीलदार गौरव बिश्नोई को सौंपा। इस दौरान मूलचंद त्यागी, वीरपाल स्वामी, सरदार अर्जुन सिंह, तुनगल सिंह, श्रीकृष्ण सिंह, बच्चू सिंह, सुभाष सिंह आदि उपस्थित रहे।