फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

19 लाख के चार गुना न करने पर किया था दोस्त का अपहरण

विज्ञापन
विज्ञापन
19 लाख के चार गुना न करने पर किया था दोस्त का अपहरण
विज्ञापन

बुलंदशहर। 19 लाख रुपये के चार गुना न करने पर दोस्तों ने ही 22 वर्षीय युवक का अपहरण किया था। पुलिस ने वारदात में शामिल रहे दो भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने युवक को बांधने में इस्तेमाल की गई रस्सी, दो तमंचे, दो चाकू व एक कार भी बरामद की है। आरोपियों का एक साथी मौके से फरार हो गया।
एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि 24 जुलाई को गांव धनौरा और हाल में मानसरोवर कॉलोनी निवासी गिरिराज सिंह ने ककोड़ पुलिस को शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बेटा चेतन 23 जुलाई को गांव से मानसरोवर कालोनी स्थित घर के लिए निकला था। न तो वह गांव लौटा और न ही घर पहुंचा था। इसके बाद आरोपियों ने अपहृत चेतन के एक दोस्त को व्हाट्सएप मेसेज पर ब्लैंक चेक भेजा और 25.70 लाख रुपये की मांग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। 25 जुलाई को अपहृत चेतन के बहनोई राजकुमार उर्फ राजू के फोन पर दो वीडियो प्राप्त हुई, जिसमें आरोपियों ने 25.70 लाख रुपये देने और चेतन को छुड़ाने की बात कही थी। स्वाट टीम और ककोड़ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि एक कार के माध्यम से आरोपियों ने चेतन को अगवा किया है। 25 जुलाई की रात को पुलिस को सूचना मिली कि जिन आरोपियों ने चेतन का अपहरण किया है वह चेतन को लेकर कुटवाया रोड से निकलने वाले हैं। पुलिस ने मौके से एक कार से अपहृत चेतन के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दीपक उर्फ लवली, बबलू, अंशुल, सतीश और सूरज ने चेतन का अपहरण किया था। इसके बाद चेतन की आंखों पर पट्टी और हाथों में रस्सी से बांधकर उसे अलीगढ़ के गांव नगरिया के एक खंडहर में ले गए थे।
विज्ञापन

मां के गहने गिरवी रखकर और ब्याज पर ली थी रकम
अपहृत चेतन और आरोपी बबलू दोनों ग्रेजुएट हैं। दिल्ली में दोनों एक साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान चेतन ने बबलू को रुपयों को चार गुना करने की स्कीम बताई। इसके बाद बबलू ने छह लाख रुपये ब्याज पर, ढाई लाख बहनोई से, मां के गहने गिरवी रखकर और अन्य माध्यमों से कुल 19 लाख रुपये चेतन को दिए थे। इसके बाद चेतन की ओर से 1.30 लाख रुपये बबलू को वापस भी किए गए थे। जबकि शेष धनराशि को चार गुना करने से पहले ही चेतन के अन्य साथी फरार हो गए थे। जिसके चलते बबलू लगातार अपने रुपये की मांग कर रहा था। जब रुपये नहीं मिले तो आरोपी बबलू ने अपने भाई व अन्य साथियों के साथ मिलकर चेतन के अपहरण और 25.70 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। 19 लाख रुपये ब्याज के साथ 25.70 लाख रुपये बन रहे हैं, जिसके चलते इस धनराशि की फिरौती मांगी गई थी।
विज्ञापन

हरियाणा के ठगी करने वाले गिरोह के संपर्क में था चेतन
एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक दिल्ली के मुखर्जी नगर में कोचिंग करने के दौरान चेतन हरियाणा के करनाल निवासी एक युवक के संपर्क में आया था। इसके बाद आरोपी के कहने पर चेतन ने अपने और अपने रिश्तेदारों के कुल 25 लाख रुपये चार गुना कराने के लिए लगाए थे। जब रुपये वापस नहीं मिले तो आरोपियों ने चेतन को और रुपये लगवाने के लिए कहा, जिस पर चेतन ने अपने दोस्त बबलू से स्कीम साझा की। जिसके चलते पुलिस को उम्मीद है कि चेतन आरोपियों के संपर्क में था। फिलहाल चेतन के खिलाफ कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है, जिसके चलते पुलिस ने अभी तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। एसएसपी का कहना है कि जब चेतन के खिलाफ कोई शिकायत मिलेगी तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें