संवाद न्यूज़ एजेंसी
खुर्जा जंक्शन। बंगाल से अपहरण की गईं दो बच्चियों को आरपीएफ ने ट्रेनों में चेकिंग के दौरान खुर्जा जंक्शन से बरामद कर लिया। दो अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया। बंगाल पुलिस से मिली सूचना और बच्चियों के फोटो के आधार पर आरपीएफ बंगाल की ओर से आने वाली ट्रेनों में चेकिंग अभियान चला रही थी।
खुर्जा जंक्शन आरपीएफ प्रभारी नंद लाल मीणा ने बताया कि उन्हें पश्चिम बंगाल के जिला वीरभूमि के थाने रामपुर हॉट से सूचना मिली थी कि आरोपी नाबालिग बच्चियों का अपहरण कर उन्हें नेताजी एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ की ओर से ट्रेनों में सर्च अभियान चलाया गया। पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से भेजी गई फोटो के आधार पर खुर्जा जंक्शन पर दोनों बच्चियों को बरामद करते हुए अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने अपना नाम बच्चू शाह पुत्र कबीर शाह निवासी गांव छोटो हजारपुर थाना तलहटी जिला वीरभूमि (पश्चिम बंगाल) साहिल शेख पुत्र सैन्तु शेख निवासी नारायणपुर थाना रामपुर हाट जिला वीरभूमि (पश्चिम बंगाल) बताया। थाना रामपुर हाट को सूचित करने पर जानकारी मिली कि उक्त दोनों नाबालिग लड़कियों के अपहरण के दो मामले दर्ज हुए हैं। बुलंदशहर के बाल संरक्षण अधिकारी अमित कुमार को भी अवगत कराया गया। वह अपनी टीम के साथ आरपीएफ थाना खुर्जा पहुंचे। जिन्हें दोनों नाबालिग बच्चियों को पश्चिम बंगाल पुलिस के आने तक सुपुर्द किया गया है। दोनों आरोपी आरपीएफ की अभिरक्षा में है। पश्चिम बंगाल पुलिस के आने पर आरोपियों और नाबालिग बच्चियों को सुपुर्द किया जाएगा।