बुलंदशहर। गांधी जयंती पर जिला खेल विभाग की ओर से बालक-बालिका वर्ग की क्राॅस कंट्री दौड़ का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता के लिए दोनों वर्गों के 87 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। ओपन वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता के बालक वर्ग में खुशवीर और बालिका में रुबी विजेता रहे। दोनों वर्गों के छह-छह प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया गया।
जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि गांधी जयंती पर बालक वर्ग की पांच और बालिका वर्ग में तीन किमी की क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित हुई। नगर के टांडा स्टेडियम में आयोजित हुई प्रतियोगिता का वरिष्ठ कोषाधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव ने हरी झंडी दिखा दौड़ का शुभारंभ किया। बालक वर्ग में 61 और बालिका वर्ग में 26 कुल 87 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में खुशवीर प्रथम, अमन द्वितीय, हरवेंद्र तृतीय, दुष्यंत चतुर्थ, विवेक पंचम और सोनू छठवें स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में रूबी प्रथम, वंदना द्वितीय, तनु तृतीय, विमलेश चतुर्थ, दीप्ति पंचम और ज्योति छठवें स्थान पर रही। विजेताओं को उपजिलाधिकारी सदर दिनेश चंद्र ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समापन से पूर्व सभी ने महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान बॉक्सिंग प्रशिक्षक सचिन शुक्ला एवं अंशकालिक प्रशिक्षक मनीष मिश्रा आदि मौजूद रहे।