बुलंदशहर। हवा की गति तेज होने से खुर्जा की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ, लेकिन शहर की हवा अभी भी खराब श्रेणी में है। रविवार को बुलंदशहर का 254 तो खुर्जा का 169 औसत एक्यूआई मापा गया।
बुलंदशहर की वायु गुणवत्ता पिछले पांच दिन से 300 से कम चल रही है। नवंबर में सिर्फ छह नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से कम रहा। जबकि खुर्जा का नवंबर में तीन दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से कम रहा है। एक और पांच नवंबर को एक्यूआई 200 से कम रहा।
अब 25 दिन बाद वायु गुणवत्ता 200 से कम मापा गया। खुर्जा के लोगों ने एक्यूआई कम होने पर जहां राहत की सांस ली तो बुलंदशहर के लोगों की समस्या अभी भी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार रविवार को बुलंदशहर का औसत 254 और खुर्जा का औसत एक्यूआई 169 मापा गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विमल कुमार ने बताया कि हवा की गति तेज होने से वायु गुणवत्ता में सुधार हो रहा है। जिले में अभी ग्रेप का दूसरा चरण लागू है। निकाय को पानी का छिड़काव लगातार करते रहने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अन्य गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।