सुभाष मार्ग स्थित आरजेएस फिटनेस जिम पर 25 अप्रैल की रात को फूटा दरवाजा मोहल्ला निवासी जीतू सैनी के जन्मदिन पार्टी चल रही थी। इस दौरान जीतू और उसके दोस्त अमरदीप (35) के बीच विवाद हो गया था। विवाद के एक घंटे बाद जीतू व उसके दोस्तों ने जिम पर जाकर अमरदीप, उसके ताऊ के बेटे मनीष (32) व भतीजे आकाश (20) की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मामले में 30 अप्रैल को मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था। एक मई को पुलिस से बचते हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनीष यादव ने बुलंदशहर न्यायालय में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने मनीष की पीसीआर के लिए न्यायालय में मांग पत्र भेजा था, जिसकी मंजूरी मिल गई थी। दो दिन पहले सोमवार को एक वांछित आरोपी अनुज ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
सीओ शोभित कुमार ने बताया कि तीन लोगों की हत्या के मामले में अभी तक नौ लोग जेल जा चुके हैं और एक आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो गया था। अब केवल एक आरोपी सोनू वांछित चल रहा है, जिसको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। न्यायालय के आदेश पर बुधवार को खुर्जा नगर पुलिस ने मनीष को रिमांड पर लिया था, जिससे पूछताछ की गई। साथ ही निशानदेही पर सुभाष मार्ग स्थित पॉटरी फैक्टरी के पास से तमंचा बरामद किया गया।