कर संक्रांति का पर्व जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह भंडारे लगाकर खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान कर रेवड़ी, गजक व चावल के अलावा गर्म कपड़े और अन्य प्रकार के सामान जरूरतमंदों को दान किए गए।
गांव चिट्टा स्थित जेपी अस्पताल की ओर से लगाए गए भंडारे में अस्पताल के यूनिट हेड डॉ. सुमित प्रताप सिंह और थाना सलेमपुर इंस्पेक्टर अतुल चौहान के अलावा अन्य लोगों ने खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया। यमुनापुरम में श्री बालाजी निष्काम सेवा समिति के भंडारे में सेवादार संजीव सेठ, धीरज शर्मा, मनोज सेठ, भावुक, पिंटू, मोहित व मनोज आदि शामिल रहे।
सरस्वती शिशु मंदिर शिवपुरी में भांति सेवा भारती बुलंदशहर ने सम्मान समारोह एवं खिचड़ी सहभोज कर मकर संक्रांति मनाई। मुख्य वक्ता गंगाराम रहे। इस दौरान विधायक लक्ष्मीराज सिंह, अक्षय प्रताप सिंह, उमेश चतुर्वेदी डॉ. राजीव अग्रवाल, शारदा, सतीश उपाध्याय आदि मौजूद रहे। छत्रपति शिवाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में खिचड़ी सहभोजन का आयोजन किया गया। इसमें प्रधानाचार्य रमेश सिंह, पवन राणा, सुबीन गुप्ता व ललित शर्मा का विशेष योगदान रहा।
अनूपशहर के मस्तराम रोड स्थित परम संत सोह्मताऊ आश्रम में सोह्मताऊ महाराज का निर्वाण दिवस व मकर संक्रांति मनाई गई। कमला नंदजी महाराज ने आश्रम में हवन का आयोजन किया। बाईपास रोड स्थित पथवारी के नजदीक व मुख्य बाजार में लोगों ने खिचड़ी का वितरण किया। अहार के गांव मोहरसा समेत कई जगह ग्रामीणों ने खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया। बाबा खड़क सिंह गुरद्वारे परिसर में सेवादार सतपाल सिंह के नेतृत्व में मूंगफली, गजक व खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया।
नरौरा में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना कर दानपुण्य किया। स्याना में बुगरासी चौराहा, मेन बाजार, झंगीरी मंडी, जवाहर गंज रोड व चांदपुर चुंगी आदि पर शिविर लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। डिबाई क्षेत्र के मंदिरों में ब्राह्मणों और संतों को जरूरी सामान दान किए। शिकारपुर स्थित सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मकर संक्रांति धूमधाम से मनाई गई।