बुलंदशहर। जिले में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां जारी हैं। इस पर जिला प्रशासन और पुलिस के साथ ग्राम प्रधान और ग्रामीण सफाईकर्मी भी शिवभक्ताें की सेवा में तैनात रहेंगे। वह गांव से गुजरने वाले कांवड़ मार्गों को साफ-सुथरा और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे। डीपीआरओ की ओर से जारी किए गए इन निर्देशों के बाद 946 ग्राम पंचायतों के प्रधान और ग्रामीण सफाईकर्मी तैयारियों में जुट गए हैं।
श्रावण मास चार जुलाई से शुरू होगा। इस माह में कांवड़ यात्रा के साथ प्रत्येक सोमवार को शिवालयाें में जलाभिषेक भी होगा। अनूपशहर, अहार, कर्णवास, राजघाट और रामघाट गंगा घाटों पर लगने वाले कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्त हापुड़ से गुलावठी और स्याना क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। यहां से शिवभक्त अनेक मार्गों से होकर जिले के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचेंगे। जबकि अन्य जिलों के शिवभक्त भी यहां से गुजरेंगे। इसी तरह अनूपशहर समेत अन्य गंगा घाटों से कांवड़ लेने वाले शिवभक्त भी अनेक रास्तों से होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। अधिकतर मार्ग ग्रामीण क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। इसलिए जिला प्रशासन की ओर से इन मार्गों से होकर गुजरने वाले शिवभक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसकी जिम्मेदारी ग्राम प्रधान और ग्राम सफाई कर्मचारियों को भी दी गई है। जिला पंचायती राज अधिकारी ने बताया कि सभी 946 ग्राम पंचायतों के प्रधान और ग्रामीण सफाई कर्मियाें को निर्देश जारी किए गए हैं कि वह कांवड़ यात्रा पर नजर रखेंगे। जहां से भी कांवड़ लेकर शिवभक्त गुजरते हैं, उनकी सेवा की जाए। वहां पर पेयजल की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। कांवड़ यात्रा से पहले ही हैंडपंप आदि को सही करा लिया जाए। साथ ही इन मार्गों पर पड़ने वाले धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था की जाए। यदि किसी मार्ग पर गड्ढे बने हैं तो उनको मिट्टी डालकर भरवा दिया जाए। इस कार्य पर विभागीय अधिकारी भी समय-समय पर नजर रखेंगे। ग्राम प्रधानों खासकर ग्रामीण सफाई कर्मियों को समय-समय पर की जा रही व्यवस्थाओं से भी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराना होगा। इसके अलावा यदि किसी तरह की कोई घटना होती है तो उसकी जानकारी संबंधित चौकी व थाने को दें। यदि किसी शिवभक्त का स्वास्थ्य खराब है तो उसे दवा दिलाए और अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करें।
कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा और उनको जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ग्राम प्रधान व ग्रामीण सफाई कर्मियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल में यदि किसी की ओर लापरवाही बरती जाएगी तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
- डॉ. प्रीतम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी।