अहार। क्षेत्र के केसी स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी काजल शर्मा ने लखनऊ में तीन हजार मीटर की दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता है। काजल ने लखनऊ में 30 जून को आयोजित हुई तृतीय खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स उप्र की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भागीदारी की। उसकी इस उपलब्धि पर एकेडमी के कोच समेत अन्य लोगों ने बधाई दी है।
केसी स्पोर्ट्स एकेडमी के संचालक और कोच पुष्पेंद्र लोधी ने बताया कि लखनऊ में संपन्न हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिता में काजल शर्मा ने तीन हजार मीटर दौड़ में प्रतिभाग किया था। यहां उसने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी काजल चेन्नई में 16 मार्च को ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी की ओर से हुई प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। काजल शर्मा के पिता देवेंद्र शर्मा खेती कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। काजल की इस उपलब्धि पर एकेडमी के सहयोगी दिनेश शर्मा, अजय सिंह, कैलाश लोधी, विजयपाल सिंह और खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त किया है।