अनूपशहर में बार एसोसिएशन अनूपशहर के चुनाव में नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सचिव का स्वागत करते अधिवक्
अनूपशहर। बार एसोसिएशन अनूपशहर के शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव में जुगेंद्र सिंह सेजवार अध्यक्ष और अमित शर्मा सचिव निर्वाचित किए गए। एल्डर कमेटी चेयरमेन राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कुल 193 अधिवक्ता मतदाता थे। इनमें से 192 मतदाताओं ने मतदान किया। एक मतदाता जावेद अख्तर धार्मिक यात्रा पर जाने की वजह से मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके।
अध्यक्ष पद के लिए जुगेंद्र सिंह सेजवार और मनोज चौहान के बीच मुकाबला था। जिसमें जुगेंद्र सिंह सेजवार को 113 वोट मिले, जबकि मनोज चौहान को 79 वोट प्राप्त हुए। जुगेंद्र सिंह सेजवार ने मनोज चौहान को 34 वोटों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। जबकि सचिव पद के लिए अमित शर्मा और अवधेश शर्मा मैदान में थे। अमित शर्मा को 114 वोट मिले और अवधेश शर्मा को 77 वोट प्राप्त हुए। अवधेश शर्मा का एक वोट रद कर दिया गया था।
अमित शर्मा 36 वोटों के अंतर से सचिव पद पर विजयी हुए। जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नटवरलाल शर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पर अभय शर्मा, वरिष्ठ सह सचिव पर सत्येंद्र पाल सिंह, कनिष्ठ सह सचिव पर गोपाल कृष्ण शर्मा और कोषाध्यक्ष पद पर आमिर गाजी, ऑडिटर पद पर प्रेमवीर सिंह पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।
चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सचिव का स्वागत करते हुए उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। विजयी प्रत्याशियों जुगेंद्र सिंह व अमित शर्मा ने साथी अधिवक्ताओं के साथ गंगातट पर जाकर मां गंगा का आभार व्यक्त किया। कहा कि नवीन कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेगी। बार व बेंच के बीच सामंजस्य रखा जाएगा।