बुलंदशहर। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में चयनित 15,301 लाभार्थियों के जाॅब कार्ड बनाए जाएंगे। इससे उन्हें 90 दिन का काम मिलेगा। इसकी जिम्मेदारी मनरेगा को सौंपी गई है। आवास योजना में जाॅब कार्ड की अनिवार्यता तय की गई है। बताया जा रहा है कि मार्च में पात्रों के साथ उनके जाॅब कार्ड बनवाने का शत प्रतिशत कार्य पूरा हो जाएगा। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण विभाग के परियोजना निदेशक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आवास के पात्र लाभार्थियों को मकान की सौगात के साथ 90 दिन का काम मनरेगा से दिया जाएगा। इसलिए उनके जॉब कार्ड बनाए जा रहे हैं। मनरेगा के डीसी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बतया कि जाॅब कार्ड बनाने का काम तेजी से चल रहा है। निर्धारित समय में कार्य पूरा कर लिया जाएगा।