झाझर गांव में पिछले 14 दिनों से चकबंदी के विरोध में चल रहे धरने का शांतिपूर्ण हल निकालने के लिए चकबंदी के पक्षकार ग्रामीणों ने सोमवार को धरने पर बैठे किसानों से वार्ता की। दोनों पक्षों के बीच 10 घंटे की बातचीत के बाद कोई हल नहीं निकल सका।
विरोध कर रहे किसानों का कहना है कि धरना जारी रहेगा। वहीं, चकबंदी के पक्षकार किसानों का कहना है कि मामले का हल निकलने तक उनका प्रयास जारी रहेगा। बता दें कि चार जून को झाझर गांव में चकबंदी के तहत भूमि की पैमाइश का कार्य शुरू हुआ था। सात जून को किसान नेता मनवीर तेवतिया ने चकबंदी के विरोध में धरना दिया था।
10 जून से मनवीर समेत 10 किसानों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया था। अनशनकारियों की हालत बिगड़ने से घबराए प्रशासन ने 17 जून को बलपूर्वक अनशन खत्म कराने की कोशिश की। विरोध में धरनारत किसानों ने पुलिस पर पथराव किया। वहीं, पुलिस कार्रवाई में तीन किसान घायल हुए थे।
उसके बाद किसानों ने बुलंदशहर-जेवर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया था। पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में उपजे अशांति के माहौल के बाद समस्या का शांतिपूर्ण हल निकालने के लिए दोनों पक्षों के लोगों में वार्ता हुई।
चकबंदी के पक्षकार किसानों की ओर से हाजी रहीस, जमील आढ़ती, सुरेंद्र सोलंकी, आरिफ भाटी, साबिर, आजाद, सुल्तान सिंह और चकबंदी के विरोध में धरना दे रहे किसानों की ओर से प्रमोद राज, रेशमपाल लोधी, जगवीर सिंह, मास्टर राकेश ने प्रतिनित्धव किया।
दोनों पक्षों में करीब 10 घंटे की वार्ता के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल सका। चकबंदी के विरोध में धरना दे रहे किसानों का कहना है कि उनकी मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। वहीं, शांतिपूर्ण हल खोजने वाले ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का हल निकलने तक उनके प्रयास जारी रहेंगे।
मनवीर तेवतिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
चकबंदी के विरोध में धरना दे रहे किसानों का नेतृत्व कर रहे मनवीर तेवतिया पर भी प्रशासन ने एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई कानूनगो की तहरीर पर की गई है। इसमें मनवीर तेवतिया सहित सात नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, बताया जा रहा है कि पुलिस फरार मनवीर तेवतिया पर इनाम की भी घोषणा कर सकती है।
जाम लगाने पर 30 नामजद 80 अज्ञात पर रिपोर्ट
पुलिस कार्रवाई से भड़के धरनारत किसानों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसओ ककोड़ कौशलेंद्र यादव की तहरीर पर 30 नामजद, 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अनियमितता पर किसानों ने किया प्रदर्शन
चकबंदी में अनियमितता का आरोप लगाते हुए इनायतपुर के किसानों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में विरोध दर्ज कराया। डिप्टी डायरेक्टर चकबंदी (डीडीसी) के आश्वासन पर किसान शांत हुए। किसानों की शिकायत पर उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस दौरान गुड्डू, धीरेंद्र, दीपक, यशपाल, चंद्रपाल, सुरेश, मनोज, कुंवरपाल, संजीव मौजूद रहे।