बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पंचशीलनगर में एक घर से लाखों रुपये के आभूषण चोरी हो गए। पीड़ित पक्ष ने घर में काम करने वाली दो घरेलू सहायिकाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों ने 10 दिन पहले ही कार्य शुरू किया था।
नगर कोतवाली में पंचशील काॅलोनी निवासी विनोद कुमार अग्रवाल ने तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को उनके पुत्र निकुंज की गाजियाबाद के एक मैरिज होम में शादी हुई थी। 18 जुलाई को सभी लोग घर आ गए। घर से सभी मेहमानों के जाने के बाद उनकी पत्नी सरोज देवी और बड़े पुत्र रचित ने अपने आभूषण उतारकर एक रूमाल में बांधकर अलमारी में एक बैग में रख दिए थे।
घर पर दो घरेलू सहायिकाएं हेमलता और उसकी भांजी चंचल रह गई थीं। इन दोनों को एक हफ्ते पहले ही घर की सफाई के लिए रखा गया था। 18 जुलाई की शाम को घर पर काम करने के बाद दोनों बिना कुछ बताए चली गईं और काम पर आना बंद कर दिया। दो दिन बाद उसकी पत्नी ने अलमारी खोलकर बैग निकाला तो बैग की चेन खुली मिली। बैग से आभूषण भी गायब थे। ऐसे में उन्हें आशंका है कि सहायिका हेमलता और चंचल द्वारा ही उनके गहने चोरी किए गए हैं। नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा।