फसल बीमा नहीं कराना हो तो 24 जुलाई तक बैंक को दे सूचना
बुलंदशहर। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा को स्वैच्छिक कर दिया है। यदि कोई किसान अपनी फसल का बीमा नहीं कराना चाहता है तो वह 24 जुलाई तक बैंक को सूचना दे सकता है। कृषि अधिकारियाें ने भी किसानों को जागरूक करने के साथ इसका विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया है। कृषि उप निदेशक आरपी चौधरी ने बताया कि अब फसल बीमा योजना स्वैच्छिक कर दी गई है। यदि किसान अपनी फसल का बीमा नहीं कराना चाहते हैं तो ऐसी स्थिति में अपने बैंक शाखा में 24 जुलाई तक अपडेट करा दें। यह बात उन किसानों के लिए जरूरी है, जिन्होंने अपना केसीसी बनवा रखा है। यदि वह बैंक को फसल का बीमा न करने की सूचना देंगे तो उनका बैंक फसल बीमा प्रीमियम की राशि नहीं काट सकेगा। यदि किसानों ने 24 जुलाई तक बैंक को लिखित में नहीं दिया तो फसल बीमा करने के लिए बैंक की ओर से प्रीमियम काट लिया जाएगा। आरपी चौधरी ने किसानों से आह्वान किया है कि वह इस ओर जरूर ध्यान दें। कहीं ऐसा न हो कि आप फसल बीमा नहीं कराना चाहते और बैंक फसल बीमा का प्रीमियम काट लें।